बदायूँ। दातागंज तहसील क्षेत्र के साड़ी गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। बाजरा की बुवाई के दौरान ट्रैक्टर पर सवार 20 वर्षीय अक्षय पुत्र ओम सिंह अचानक संतुलन खो बैठा और रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद खेत में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, अक्षय गांव के ही रमेश के ट्रैक्टर पर बैठकर मेवाराम के खेत पर गया था, जहां किराये पर बाजरा की बुवाई का कार्य चल रहा था। बताया गया कि ट्रैक्टर पर सवार युवक बारी-बारी से ट्रैक्टर चलाना सीख रहे थे। इसी दौरान हिमांशु ट्रैक्टर चला रहा था और अचानक अक्षय का संतुलन बिगड़ने से वह सीधे पीछे लगे रोटावेटर में जा गिरा।
मृतक अक्षय छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था और अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी व मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही उसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है।
उसावां थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे ने खेतों में कृषि यंत्रों के उपयोग के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया।



