बदायूं। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के शेखूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान निसरत पुत्र मुस्ताक हुसैन, निवासी शेखूपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार निसरत गुरुवार रात घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह रेलवे क्रॉसिंग के समीप पहुंच गए, जहां कासगंज से बरेली की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना देर रात परिवार को मिली तो घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
परिजनों ने बताया कि निसरत की दो शादियां हुई थीं और उनका एक बेटा है। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।



