बदायूं। एचपी इंटरनेशनल स्कूल में अभिभावक-अध्यापक बैठक (PTM) का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। बैठक में अभिभावकों ने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा परिणाम और विषयवार प्रदर्शन की जानकारी ली। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों और सुधार के क्षेत्रों पर अभिभावकों के साथ चर्चा करते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित जूनियर स्टूडेंट काउंसिल चुनाव रहा। हेड बॉय और हेड गर्ल के चयन के लिए विद्यार्थियों ने मतदान किया। इस दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने मतदान, नेतृत्व, जिम्मेदारी और प्रतिनिधित्व जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों को व्यवहारिक रूप से समझा।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिवम पटेल ने कहा कि बच्चों को केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित न रखकर उन्हें जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और संवेदनशील नागरिक बनाना विद्यालय का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक सोच विकसित करती हैं।

निदेशिका सेजल पटेल ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए पढ़ाई के साथ व्यावहारिक गतिविधियां भी जरूरी हैं। प्रधानाचार्य सुनील साहनी ने PTM और छात्र परिषद चुनाव को विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षा का अहम हिस्सा है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और अनुशासन का माहौल रहा। PTM और जूनियर काउंसिल चुनाव ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल किताबों और अंकों तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनाने की प्रक्रिया भी है।



