बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के सिद्धपुर चित्रसेन गांव में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने आधा दर्जन किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर स्टार्टर, केबिल और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी रविवार सुबह होने पर किसानों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। ग्राम प्रधान पति राहुल देव शाक्य के अनुसार चोरों ने उदयराज, ओमप्रकाश, विजय चौहान, प्रेम शंकर शर्मा, लेखराज फौजी और मुनेंद्र चौहान के ट्यूबवेलों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। किसान लेखराज ने बताया कि चोर उनके ट्यूबवेल की दीवार काटकर अंदर घुसे और स्टार्टर व केबिल चोरी कर ले गए। आरोप है कि जाते समय चोरों ने सिंचाई के पाइप में आग भी लगा दी, जिससे अतिरिक्त नुकसान हुआ। किसानों के मुताबिक चोरी के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की चिंता है। घटना के बाद किसानों ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद रविवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।
बिल्सी में चोरों का आतंक: आधा दर्जन किसानों के ट्यूबवेलों से स्टार्टर-कैबिल चोरी, पाइप में लगाई आग
Date:



